25वीं वर्षगांठ पर पोषण पोटली वितरित व वृक्षारोपण का आयोजन

25वीं वर्षगांठ पर पोषण पोटली वितरित व वृक्षारोपण का आयोजन

हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेली-राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत बृहस्पतिवार को रामकृष्ण पब्लिक इंटर कॉलेज परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ | इस अवसर पर टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस द्वारा 21 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई।
वितरित की गई पोषण पोटली में प्रोटीन, आयरन और ऊर्जा से भरपूर खाद्य सामग्री जैसे चना, सत्तू, गुड़ और मूंगफली शामिल थे। यह पहल टीबी रोगियों को उपचार के दौरान आवश्यक पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने कहा कि राज्यपाल द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल से प्रेरणा लेते हुए समाज के विभिन्न वर्ग आगे आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि टीबी के इलाज में दवाओं के साथ-साथ प्रोटीनयुक्त आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उचित इलाज और संतुलित पोषण से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। इस दौरान उन्होंने टीबी के लक्षण, जांच और उपचार संबंधी जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि पोषण पोटली के अतिरिक्त भी टीबी मरीजों को विभिन्न माध्यमों से सहयोग किया जा सकता है। इस प्रकार का समर्थन न केवल उनके उपचार में सहायक होता है, बल्कि उन्हें यह एहसास भी कराता है कि वे अकेले नहीं हैं। सामाजिक सहयोग से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उनमें बीमारी से लड़ने की शक्ति तथा सकारात्मक सोच का संचार होता है। उन्हें यह भरोसा मिलता है कि समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस के वरिष्ठ प्रबंधक मोहित मिश्रा ने बताया कि कंपनी की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह सामाजिक पहल की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘टीबी मुक्त भारत’ के आह्वान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण एवं भावनात्मक सहयोग देना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। जनपद में आयोजित यह कार्यक्रम कंपनी की 25 वर्षों की सफल यात्रा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम के उपरांत जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर संजय जायसवाल, आलोक जायसवाल, गौरव जैन, हरेंद्र सिंह, सर्वेश सिंह, उत्तर प्रदेश टीबी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र, विद्यालय प्रबंधन की ओर से जेपी त्रिपाठी, अजय त्रिपाठी, मेनका त्रिपाठी, अतुल त्रिपाठी, विनोद सिंह एवं उमेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!