महराजगंज में दो दिन में दो चोरियां, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
महराजगंज, रायबरेली।
कोतवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। बीती रात ओथी गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लगभग 50 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार, ओथी गांव निवासी रामसामुझ पुत्र हनुमान गांव के ग्राम प्रधान सुनील मौर्य की बहन की शादी में शामिल होने गए थे। उनकी पत्नी घर के बगल वाले कमरे में सो रही थीं। देर रात करीब 1 बजे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 4 बजे जब रामसामुझ घर लौटे तो कमरे का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर स्तब्ध रह गए। अलमारी खुली हुई थी और नकदी व जेवरात गायब थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करने की बात कही।गौरतलब है कि महज 24 घंटे पहले कस्बे के सुखई का पूरवा में भी अज्ञात चोरों ने बैटरी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। ऐसे में दूसरी बड़ी चोरी ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात में पुलिस गश्त नाममात्र की रह गई है, जिससे चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।लोगों का कहना है कि केवल औपचारिक जांच से काम नहीं चलेगा, बल्कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और नियमित गश्त ही जनता का भरोसा बहाल कर सकती है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें कोतवाली पुलिस पर टिकी हैं कि वह इन घटनाओं का जल्द खुलासा कर जनता का विश्वास जीत पाएगी या नहीं।
