डीएम की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेली– जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना एवं उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना अन्तर्गत 08 जून से 10 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन कुल 70 आवेदनों के सापेक्ष कुल 47 (34.70 हेक्टेयर) पात्र आवेदकों का चयन किया गया। जिसके अंतर्गत चयनित आवेदकों को ग्राम सभा से पट्टे पर प्राप्त तालाबों में प्रथम वर्ष निवेश तथा मत्स्य बीज बैंक में मत्स्य बीज एवं मत्स्य आहार आदि क्रय किए जाने पर नियमानुसार अनुदान की धनराशि उनके बैंक खातों में डी०बी०टी० के माध्यम से प्रेषित की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा ग्राम सभा के प्राप्त पट्टा के तालाब के समस्त लाभार्थियों की मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड से आच्छादित किए जाने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की योजना उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक भी की गई। बैठक में उ०प्र० मत्स्य पालक कल्याण कोष अन्तर्गत परियोजना मोपेड विथ आइस बाक्स हेतु विभागीय पोर्टल पर प्राप्त ऑनलाइन कुल 13 आवेदनों के सापेक्ष कुल 11 आवेदकों का चयन किया गया। जनपद में (विशेष कर तहसील लालगंज व अन्य तहसील में जहां खारा पानी मौजूद है) झींगा पालन हेतु प्रचार-प्रसार कर मत्स्य पालकों को जागरूक करते हुए झींगा पालन को बढ़ावा देने हेतु निर्देशित किया गया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उप कृषि निदेशक हिमाशु पाण्डेय, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य इरफानुल्लाह खान, वरिष्ठ कोषाधिकारी शालिनी सिंह, सहायक अभियंता लघु सिंचाई पंकज कुमार राय, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
