डीएम की अध्यक्षता में जिला गंगा, वृक्षारोपण और पर्यावरण समितियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

डीएम की अध्यक्षता में जिला गंगा, वृक्षारोपण और पर्यावरण समितियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

हर पल निगाहें ब्यूरो 
रायबरेली- जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, वृक्षारोपण समिति और पर्यावरण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।  
          बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा छोटी नदियों के पुनरोद्धार एवं कायाकल्प हेतु गठित समिति से कार्ययोजना तैयार किए जाने तथा गंगा नदी में गिर रहे 37 नालो की टैपिंग के संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी से समीक्षा की गई।
          जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि सभी चिन्हित नालों को गंगा नदी में प्रवाहित होने से रोकने हेतु फ़िल्टर चौंबर बनाए जा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि कोई भी नाला गंगा नदी में प्रवाहित न होने पाए। इसके संबंध में खंड स्तरीय अधिकारियों एवं वन विभाग के साथ समेकित समिति का गठन कर माहवार निरीक्षण किया जाए तथा निरीक्षण आख्या प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में जिला गंगा समिति को अनिवार्य रूप से प्रेषित की जाए।
          जिलाधिकारी द्वारा जल निगम (ग्रामीण) से लोन नदी के जल की गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया, जिस पर मुख्य अभियंता जल निगम ग्रामीण द्वारा एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रेषित किए जाने की बात कही गई।
          जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में वायु गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराई जाए तथा उसका प्रसारण जनपद के प्रमुख चौराहों पर स्थापित डिस्प्ले बोर्डों पर कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने जनपद में ई-बस संचालन हेतु सहायक परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नगर पालिका परिषद के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर रोडमैप तैयार करें, ताकि ई-बस का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
          बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग प्रखर मिश्रा द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में विगत वर्ष रोपित पौधों के लक्ष्य के सापेक्ष जीवितता प्रतिशत संतोषजनक नहीं है, जिससे जनपद की रैंकिंग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा रोपित मृत पौधों के स्थान पर नवीन पौधे लगाकर उनकी क्षतिपूर्ति अनिवार्य रूप से की जाए।
          बैठक में उपायुक्त श्रम (रोजगार) प्रमोद सिंह, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद रायबरेली स्वर्ण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षण संजीव कुमार सिंह सहित जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति रायबरेली क्षेत्रीय वन अधिकारी, प्रदुषण नियन्त्र बोर्ड व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!