उद्यान मंत्री ने लालगंज में आयोजित कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, क्षेत्रवासियों को किया संबोधित
हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेली:- भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग, उ०प्र० दिनेश प्रताप सिंह विकास खण्ड लालगंज में डॉ० आंबेडकर सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित शोभा यात्रा एवं सामूहिक विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता, सहयोग एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनके विचारों को आत्मसात कर ही एक सशक्त एवं समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है।
मंत्री जी ने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य कर रही है और इस दिशा में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में डॉ० आंबेडकर सेवा समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
