यूरिया वितरण को लेकर किसानों में आक्रोश
हर पल निगाहें ब्यूरो महाराजगंज,रायबरेली-विकासखंड क्षेत्र में हरदोई के पास स्थित बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड पर यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की लंबी कतार देखने को मिली।
इसी दौरान समिति के सचिव द्वारा यूरिया खाद के साथ जबरन सल्फर का एक पैकेट दिए जाने को लेकर किसानों में भारी आक्रोश फैल गया।
किसानों का कहना है कि सरकारी समिति से पूर्व में केवल यूरिया खाद ही दी जाती थी, लेकिन इस बार सचिव द्वारा जबरदस्ती सल्फर का पैकेट भी थमाया जा रहा है। किसान शारदा प्रसाद सिंह, बृजेश सिंह सहित अन्य किसानों ने बताया कि दो बोरी यूरिया पर एक सल्फर का पैकेट अनिवार्य रूप से दिया जा रहा है, जबकि इस समय सल्फर की कोई आवश्यकता नहीं है। जब जरूरत थी, तब सल्फर उपलब्ध नहीं कराई गई और अब अंतिम समय में इसे जबरन दिया जा रहा है।
किसानों का आरोप है कि यदि सल्फर का पैकेट नहीं लिया जाता तो उन्हें यूरिया खाद देने से मना कर दिया जाता है। वहीं इस संबंध में जब समिति के सचिव से बात की गई तो उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि किसी किसान को सल्फर लेने के लिए मजबूर नहीं किया गया है।
इस मामले में जब उपजिलाधिकारी (एसडीएम) गौतम सिंह से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी नहीं है।
