आज खिलाई जाएगी कृमि मुक्ति की दवा
हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेली शिवगढ़ ब्लॉक को छोड़कर जनपद के शेष सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा द्वारा किला बाजार स्थित उच्च प्राथमिक बालिका विद्यालय में बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह अभियान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनपद में कुल 19 ब्लॉक और एक शहरी क्षेत्र है।
शहरी क्षेत्र सहित 18 ब्लॉकों में आज एनडीडी का आयोजन किया जाएगा, जबकि शिवगढ़ ब्लॉक में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एल्बेंडाजोल का सेवन कराया जाएगा।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 13.44 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विद्यालय जाने वाले बच्चों को स्कूलों में तथा विद्यालय न जाने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दवा दी जाएगी। यह अभियान सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों, मदरसों एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित किया जाएगा।
जो बच्चे 10 फरवरी को दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड के दौरान दवा खिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन में आईसीडीएस एवं शिक्षा विभाग का सहयोग लिया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डी.एस. अस्थाना ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण एक सामान्य समस्या है, जो कुपोषण एवं एनीमिया का प्रमुख कारण बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए वर्ष में दो बार—फरवरी एवं अगस्त में—राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जाता है। अभियान के दौरान दवा स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में बच्चों को अपने सामने ही खिलाई जाएगी तथा दवा खाली पेट नहीं दी जाएगी। जनपद में दवा की प्रचुर मात्रा में उपलब्धता है |
