दवा न खाने की भूल, अब कर रहे दवा सेवन के लिए तैयार

दवा न खाने की भूल, अब कर रहे दवा सेवन के लिए तैयार
ब्लाक शिवगढ़ में 10 से 28 फ़ाइलेरिया तक चलेगा आईडीए अभियान

हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेली राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के शिवगढ़ ब्लॉक में 10 से 28 फरवरी तक सर्वजन दवा सेवन (आईडीए) अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत लक्षित आबादी को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा।
इसी क्रम में युवाओं को अभियान से जोड़ने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शिवगढ़ ब्लॉक स्थित बरखंडी विद्यापीठ इंटर कॉलेज के मैदान में एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मैच में नगर पंचायत शिवगढ़ तथा यू अरबाज-11 की टीमों ने प्रतिभाग किया।
मैच का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख शिवगढ़ कुंवर हनुमत सिंह द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि शिवगढ़ ब्लॉक में फाइलेरिया के मरीज पाए गए हैं, जिसके कारण पूरे जनपद में केवल शिवगढ़ ब्लॉक में ही आईडीए अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सबसे पहले दवा का सेवन करेंगे और सभी लोगों से दवा अवश्य खाने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि रायबरेली प्रदेश का सर्वाधिक फाइलेरिया प्रभावित जिला है। जिले के अन्य ब्लॉकों में अधिकांश लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया, जिससे वहां फाइलेरिया का प्रसार काफी हद तक कम हो गया है और इस वर्ष वहां आईडीए अभियान नहीं चलाया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि शिवगढ़ ब्लॉक के अधिक से अधिक लोग दवा का सेवन करें, ताकि यहां भी फाइलेरिया का प्रसार रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जब भी आशा कार्यकर्ता दवा खिलाने आएं तो आनाकानी न करें और जिम्मेदार नागरिक बनते हुए दवा का सेवन अवश्य करें।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ के अधीक्षक डॉ. प्रेम शरण सिंह ने बताया कि फाइलेरिया रोधी दवा पूरी तरह सुरक्षित है तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रमाणित है। यह दवा एक वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं अति गंभीर बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को छोड़कर सभी को सेवन करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दवा सेवन के बाद यदि चक्कर आना या जी मिचलाने जैसे लक्षण दिखाई दें तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। ये लक्षण फाइलेरिया के परजीवियों के नष्ट होने के कारण होते हैं और यह इस बात का संकेत हैं कि दवा प्रभावी रूप से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक को फाइलेरियामुक्त बनाने के लिए आवश्यक है कि कम से कम 90 प्रतिशत लोग फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करें। जब समुदाय के सभी लोग इस अभियान से जुड़ेंगे, तभी शिवगढ़ ब्लॉक फाइलेरियामुक्त हो सकेगा।
प्रधान संघ के अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि प्रधान संघ फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम में पूरा सहयोग करेगा तथा संपूर्ण ब्लॉक में सीएचओ – पीएसपी सदस्य – ग्राम प्रधान अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और अधिक से अधिक लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करेंगे। सीएचओ सहित आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रधान, कोटेदार, पंचायत के सदस्य, समूह सखी सहित फ़ाइलेरिया के मरीज हैं जो समुदाय को फ़ाइलेरिया के लक्षण, बचाव और दवा सेवन के लिए जागरूक करते हैं |
यू अरबाज-11 टीम के खिलाड़ी पीयूष मिश्रा ने कहा कि इस मैच के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, जिससे बचाव के लिए आईडीए अभियान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 10 से 28 फरवरी के बीच आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर अपने सामने ही फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाएंगी और सभी लोगों को इसका सेवन अवश्य करना चाहिए।
गांव तरौंजा के फाइलेरिया रोगी दंपति 48 वर्षीय निशा पांडे एवं उनके पति 55 वर्षीय श्याम किशोर पांडे ने बताया कि वे दोनों पिछले 30 वर्षों से फाइलेरिया से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि उनके समय में फाइलेरिया से बचाव की दवा नहीं दी जाती थी और दवा न खाने की जो गलती उन्होंने की, उससे सीख लेकर वे अन्य लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करेंगे।
मैत्री क्रिकेट मैच में नगर पंचायत शिवगढ़ की टीम विजयी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!