21 जून को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन

21 जून को मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य आयोजन

हर पल निगाहें ब्यूरो 
रायबरेलीः जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सकुशल संपन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना की समीक्षा की।
          बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ० पूनम यादव ने अवगत कराया कि जनपद में 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को प्रातः 06:00 बजे गुरु गोविंद सिंह उद्यान में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाएगा।
          उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा, जिसमें रंगोली, स्लोगन, भाषण, ड्राइंग, निबंध लेखन एवं योगासन प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
          डॉ० पूनम यादव ने यह भी बताया कि 21 जून, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में प्रातः 06:00 बजे से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही, प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को योग शिविर में पुरस्कृत किया जाएगा।
          इसके अतिरिक्त जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों, विकास खंडों एवं तहसील स्तर पर भी योग शिविर आयोजित कर व्यापक स्तर पर योगाभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि योग दिवस के अवसर पर 18003157008 नंबर पर मिस्ड कॉल करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक प्राप्त होगा, जिसमें योग से संबंधित महत्वपूर्ण टिप्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
          जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योग दिवस एवं योग सप्ताह के कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित, व्यापक एवं सफल बनाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक जनसामान्य की सहभागिता हो सके।
          बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) सहदेव मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!