डीएम-एसपी ने सर्राफा एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ की बैठक
हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेली:-जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सर्राफा एसोसिएशन, व्यापारियों एवं विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्राफा व्यापार से संबंधित समस्याओं एवं उनके निराकरण के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मा० प्रधानमंत्री जी एवं मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई अपील के क्रम में यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि सोने की खरीद-फरोख्त पर सरकार द्वारा किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। यह केवल देशहित एवं आर्थिक संतुलन बनाए रखने हेतु एक नैतिक एवं देशभक्तिपूर्ण अपील है।
उन्होंने कहा कि नागरिक आवश्यकतानुसार ही खरीदारी करें तथा अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति पूर्णतः सामान्य है और सोना अथवा अन्य आभूषणों की खरीद पर कोई रोक नहीं है। उन्होंने सर्राफा व्यापारियों से ज्वेलरी की री-मॉडलिंग, रिपेयरिंग, रीसाइक्लिंग एवं रिप्लेसमेंट जैसी सेवाओं को बढ़ावा देने का भी आग्रह किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों द्वारा बैठक में उठाई गई समस्याओं का संज्ञान लिया गया है तथा उनके शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सहित सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
