लोक निर्माण विभाग की वार्षिक कार्य योजना के निर्धारण हेतु बैठक सम्पन्न

लोक निर्माण विभाग की वार्षिक कार्य योजना के निर्धारण हेतु बैठक सम्पन्न

हर पल निगाहें ब्यूरो 

रायबरेली-जनपद में लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मार्गों एवं सेतुओं के निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से संबंधित वार्षिक कार्ययोजना के निर्धारण हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
          बैठक में मा० विधायक सलोन अशोक कुमार, मा० विधायक बछरावां श्याम सुन्दर भारती, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
          बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की आवश्यकताओं एवं स्थानीय जनसमस्याओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुत कार्ययोजना के अंतर्गत जनपद की सभी विधानसभाओं के लिए कुल 127715 लाख रुपये से अधिक  लागत से 953 किलोमीटर लंबाई के 553 विकास कार्यों का प्रस्ताव रखा गया।
          अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित कार्ययोजना में सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, नवीन सड़कों का निर्माण, रोड सेफ्टी से संबंधित कार्य, हेलीपैड निर्माण, सेतु निर्माण तथा भवन निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन कार्यों का उद्देश्य जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ाना तथा आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
          जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित रूप से संकलित कर शासन को अनुमोदन हेतु शीघ्र प्रेषित किया जाए, ताकि स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से प्रारंभ कराया जा सके।
          बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया तथा कहा कि बेहतर सड़क एवं पुल अवसंरचना से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी।
          बैठक में अधिशाषी अभियंता लो0नि0वि0 सी0डी0-1 सुनील दत्त, अधिशाषी अभियंता लो0नि0वि0 सी0डी0-2 प्रमोद सिंह राणा सहित जनपद के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिगण व सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!