पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की आपूर्ति एवं वितरण के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक सम्पन्न
समस्त गैस एजेन्सियों पर गैस वितरण काउण्टर के अतिरिक्त केवाईसी हेतु पृथक काउण्टर/स्टॉल लगाया जाए
हर पल निगाहें ब्यूरो
रायबरेलीः- जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ की अध्यक्षता में ऑयल कम्पनी के विक्रय अधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारी, समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों के साथ पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की आपूर्ति एवं वितरण में आ रही समस्याओं के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की गयी। समीक्षा में ऑयल कम्पनी के विक्रय अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि आज दिनांक 25 मार्च 2026 को जनपद में 9442 एल०पी०जी० घरेलू गैस सिलेण्डरों की आमद हुई, 8864 घरेलू गैस सिलण्डरों का वितरण किया गया एवं 16090 घरेलू गैस सिलेण्डर स्टॉक में अवशेष हैं। इसी प्रकार जनपद में पेट्रोल 1344.343 के0एल0 तथा डीजल 1714.052 के0एल0 स्टॉक में अवशेष है। इस प्रकार जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डर, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। समीक्षा बैठक में सम्बन्धित अधिकारियों से हुई वार्ता के क्रम में जनहित के दृष्टिगत निर्देश निर्गत किये गये है कि गैस एजेन्सियों पर केवाईसी हेतु एकत्र हो रही भीड़ के दृष्टिगत समस्त गैस एजेन्सियों पर गैस वितरण काउण्टर के अतिरिक्त केवाईसी हेतु पृथक काउण्टर/स्टॉल लगाया जाए। जनपद की सभी गैस एजेन्सियों पर उपभोक्ताओं को स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। सभी गैस एजेन्सियों पर उपभोक्ताओं को गर्मी/घूप से बचाव के लिये छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। गैस एजेन्सीवार नामित नोडल अधिकारी प्रत्येक समय अपना दूरभाष/मोबाइल नंबर सक्रिय रखेंगे। सम्बन्धित नोडल अधिकारी उपभोक्ताओं की एल०पी०जी० घरेलू गैस से सम्बन्धित समस्याओं का यथासम्भव निराकरण कराना सुनिश्चित करेंगे। एल०पी०जी० घरेलू गैस का वितरण प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर पहले बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को प्रथम एवं बाद में बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को क्रमिक रूप से बुकिंग के अनुसार रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाए। गैस एजेन्सीवार नामित नोडल अधिकारियों के दूरभाष/मोबाइल नंबर सक्रिय न होने, कतिपय कारणों से फोन रिसीव न होने एवं कॉल बैक न होने की स्थिति में उपभोक्ता कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नंबर-7275765147 पर सम्पर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने समस्त एल०पी०जी० घरेलू गैस उपभोक्ताओं/जनसामान्य से कहा है कि जनपद में एल०पी०जी० घरेलू गैस, पेट्रोल एवम् डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ता किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। एल०पी०जी० घरेलू गैस बुकिंग के उपरान्त समस्त उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की निर्बाध रूप से आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
