विकास क्षेत्र डीह की विभिन्न बालवाटिकाओं में “नवारम्भ उत्सव” का उत्साहपूर्ण आयोजन

विकास क्षेत्र डीह की विभिन्न बालवाटिकाओं में “नवारम्भ उत्सव” का उत्साहपूर्ण आयोजन

हर पल निगाहें ब्यूरो 
रायबरेली के डीह विकास क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में बुधवार को बालवाटिका “नवारम्भ उत्सव” भव्य रूप से मनाया गया, जिसमें शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम ने 3–6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खंड शिक्षा अधिकारी महोदय ने बताया, “ शिक्षकों तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का परस्पर सहयोग अभियान की सफलता का मूलमंत्र रहा। उन्होंने समुदाय स्तर पर बच्चों की पहचान, अभिभावकों से संपर्क तथा क्रियाशील बालवाटिका की साज-सज्जा में अहम योगदान दिया, जिससे नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई।”
उत्सव की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुई, उसके बाद प्रधानाध्यापकों ने पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के महत्व पर संबोधन दिया। नन्हे बच्चों ने गीत, नृत्य व कविताओं से प्रतिभागियों को मंत्रमुग्ध किया, जबकि 3–4 वर्ष के बच्चों ने रेत-बालू पर लेखन कर “नन्ही उंगलियों की पहली छाप” के साथ विद्यालय जीवन का शुभारंभ किया।
आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के सहयोग से सजी “क्रियाशील बालवाटिका” में चार लर्निंग कॉर्नर (पढ़ना, कला, अभिनय, ब्लॉक), प्रिन्ट-रिच सामग्री, वन्डरबॉक्स तथा टीएलएम प्रमुख आकर्षण बने। अभिभावकों ने कक्षाओं का भ्रमण कर बच्चों के पोर्टफोलियो देखे तथा बाल्यावस्था शिक्षा के लाभ समझे।
कार्यक्रम का सफल आयोजन विकासखंड स्तर पर पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!